निशानेबाज मनु भाकर और शतरंज के नए राजा गुकेश समेत 4 खिलाडिय़ों को ‘खेल रत्न’ पुरस्कार
नई दिल्ली । खेल के क्षेत्र में सर्वोच्च और प्रतिष्ठित पुरस्कार मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार की हाल ही में घोषणा की गई है। पेरिस ओलंपिक में देश के लिए दो पदक जीतने वाली मनु भाकर समेत विभिन्न खेलों के चार एथलीटों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इसमें भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार के साथ-साथ शतरंज के क्षेत्र में अविश्वसनीय उपलब्धियां दिखाने वाले विश्व चैंपियन गुकेश डी भी शामिल हैं। 17 जनवरी 2025 को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में भारत के राष्ट्रपति द्वारा एथलीटों को देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
