🔶 किरंदुल थाना में श्रीगणेश उत्सव के संबंध में शांति समिति की बैठक आयोजित
किरंदुल। किरंदुल पुलिस थाना परिसर में सोमवार गणेश उत्सव के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।इस बैठक में गणेश उत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा और सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कपिल चंद्रा,थाना प्रभारी संजय यादव,मुख्य नगरपालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र,नगरपालिका अध्यक्ष रूबी सिंह के साथ-साथ नगर के गणमान्य नागरिक और पत्रकार बंधु उपस्थित रहें।बैठक में गणेश उत्सव के आयोजन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।सभी गणेश उत्सव समितियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने समिति का नाम,अध्यक्ष और सचिव का नाम और संपर्क नंबर पुलिस और प्रशासन के साथ अनिवार्य रूप से साझा करें। यह कदम उत्सव के दौरान समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया हैं।सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप,रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में साउंड सिस्टम या डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।इसके अलावा,विसर्जन के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम की आवाज को निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर रखने का निर्णय लिया।अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कपिल चंद्रा ने बैठक में उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि गणेश उत्सव को सामाजिक एकता और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा, "गणेश उत्सव हमारी सांस्कृतिक धरोहर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे उत्साह के साथ मनाते हुए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इससे किसी को असुविधा न हो।
थाना प्रभारी संजय यादव ने भी इस अवसर पर सभी समितियों से सहयोग की अपील की और कहा कि पुलिस प्रशासन उत्सव के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
