🔶 न प्रशासन को परवाह है न जनप्रतिनिधियों को चिंता। आम जनता परेशान!

 किरंदुल की मेन रोड बनी मुसीबत की जड़ — बेतरतीब खड़ी ट्रकें बनीं जनता के लिए आफत, प्रशासन मौन!


किरंदुल । किरंदुल नगर की मुख्य सड़क आजकल ट्रकों के कब्जे में है। जगह-जगह बेतरतीब खड़ी भारी वाहनों की लंबी कतारें आम जनता के लिए मुसीबत बन चुकी हैं। घंटों तक जाम लगना अब आम बात हो गई है। स्कूल जाने वाले बच्चे, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और मरीजों को लेकर निकलने वाली एम्बुलेंस तक फंस जाती है — पर अफसोस, न प्रशासन को परवाह है न जनप्रतिनिधियों को चिंता।



स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। “शासन-प्रशासन मौन है, और हमारे जनप्रतिनिधि कुंभकरण की नींद सोए हुए हैं,”  यही आरोप लोगों की जुबान पर है।


ट्रकों की इस अव्यवस्थित पार्किंग ने न सिर्फ सड़क की सुंदरता बिगाड़ दी है बल्कि आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा दिया है। छोटे वाहनों को निकलने तक की जगह नहीं बचती।


नाराज नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।


जनता की यही मांग है :-

🔶 ट्रकों के लिए वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था हो।

🔶 मुख्य मार्ग से अवैध पार्किंग तत्काल हटाई जाए।

🔶नियमित निगरानी कर नियमों का सख़्ती से पालन कराया जाए।


अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन नींद से कब जागता है और कब राहत की सांस ले पाएगी किरंदुल की जनता।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.