ग्राम पंचायत कोड़ेनार में स्वामी विवेकानंद की 163 वीं जन्म जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई.
किरंदुल। किरंदुल की सीमा से लगी ग्राम पंचायत कोड़ेनार में युवाओं के प्रेरणास्रोत, महान चिंतक एवं समाज सुधारक स्वामी विवेकानंद जी की जन्म जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी के स्टैचू पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। वक्ताओं ने उनके जीवन, दर्शन और युवाओं के लिए दिए गए प्रेरणादायी संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना को जीवन का मूल मंत्र बताया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कोड़ेनार की सरपंच मीना मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, उप सरपंच तपन दास, वरिष्ठ ठेकेदार एवं समाज सेवी के. ऐ. पापाचंन, प्रिंसिपल आभा सिंह चौहान, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और युवा सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया। ग्राम पंचायत कोड़ेनार में आयोजित यह आयोजन सामाजिक एकता, प्रेरणा और सकारात्मक सोच का संदेश देकर सभी के लिए यादगार बन गया।
