शा. क. उ. मा. विद्यालय किरंदुल में जनजातीय गौरव पखवाड़ा का भव्य समापन
किरंदुल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, किरंदुल में 01 नवंबर से 15 नवंबर 2025 तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा का उत्साहपूर्ण एवं सांस्कृतिक वातावरण में समापन किया गया। पखवाड़ा अवधि के दौरान विद्यालय में जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं को सहेजने तथा विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न रंगारंग एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में चित्रकला, रंगोली, स्लोगन लेखन, निबंध प्रतियोगिता, जनजातीय संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, कहानी प्रस्तुतिकरण, जनजातीय संग्रहालय भ्रमण एवं अतिथि वक्तव्य जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं। इन सभी गतिविधियों में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन दिवस पर विद्यालय परिसर में विशेष रौनक देखने को मिली। सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी विशेष पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित हुए, जिससे पूरा परिसर जनजातीय संस्कृति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण अंचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्टॉल भी लगाया गया, जिसे उपस्थितजन ने सराहा।
समापन अवसर पर प्राचार्या सुश्री मगरीता टोप्पो एवं सभी शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। जनजातीय लोकधुनों पर बच्चों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पूरे पखवाड़े का आयोजन प्राचार्या सुश्री मगरीता टोप्पो के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में न केवल सांस्कृतिक जागरूकता लाते हैं, बल्कि उन्हें अपनी जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
कार्यक्रम की भव्यता और आयोजन की सुंदरता ने इसे विद्यालय के लिए एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक उत्सव के रूप में स्थापित किया।
