वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद बी. रूपा रानी पर जानलेवा हमले का आरोप, सोशल मीडिया पर छवि धूमिल करने की साजिश का भी दावा
किरंदुल । वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद बी. रूपा रानी ने अपने ऊपर जानलेवा हमले और सोशल मीडिया के माध्यम से छवि धूमिल करने की साजिश का गंभीर आरोप लगाया है। पार्षद का कहना है कि वार्ड क्रमांक 7 की ही निवासी संजीता नाग के पति, जिनकी पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं है, द्वारा उन पर कथित रूप से हमला किया गया।
पार्षद बी. रूपा रानी ने बताया कि इस घटना के बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके खिलाफ अनर्गल और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।
पार्षद ने कहा कि वे एक जनप्रतिनिधि हैं और इस प्रकार के हमले व बदनाम करने के प्रयास न केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी आघात हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस पूरे मामले को लेकर किरंदुल थाना पहुंचकर सोशल मीडिया पर भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हेतु लिखित शिकायत दर्ज कराएंगी।
बी. रूपा रानी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर आरोपों वाले मामले में क्या कदम उठाता है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।
