दंतेवाड़ा में सहकारिता को मिलेगी नई गति : कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने विकास कार्यों को दी रफ्तार
जिला सहकारी विकास समिति की बैठक में कृषि अधोसंरचना और किसानों की सुविधाओं पर लिए गए अहम फैसले
दंतेवाड़ा । कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आयोजित जिला सहकारी विकास समिति की बैठक में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कृषि अधोसंरचना के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
डीएमएफ मद से होगा बड़े तुमनार लेम्पस भवन का पुनर्निर्माण
बैठक में गत वर्ष प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त बड़े तुमनार स्थित लेम्पस भवन के पुनर्निर्माण का कार्य जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से कराने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे लेम्पस की गतिविधियां जल्द सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
नाबार्ड आरआईडीएफ योजना के तहत छह लेम्पसों में बनेंगे आधुनिक गोदाम और कार्यालय भवन
बैठक में नाबार्ड की आरआईडीएफ योजना के अंतर्गत प्रस्तावित छह लेम्पसों में गोदाम सह कार्यालय भवन निर्माण कार्य को गति देने पर जोर दिया गया। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) को तत्काल निविदा जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके और किसानों को बेहतर भंडारण एवं प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हों।
'सहकार से समृद्धि' अभियान के तहत डेयरी और मत्स्य समितियों को मिलेगा आधारभूत ढांचा
बैठक में "सहकार से समृद्धि" की अवधारणा के अंतर्गत गठित नवीन डेयरी एवं मत्स्य सहकारी समितियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
समनपुर में नए धान उपार्जन केंद्र का प्रस्ताव, गीदम में राहत मिल संचालन की बनेगी कार्ययोजना
बैठक में लेम्पस समनपुर में नया धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही लेम्पस गीदम में राहत मिल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसानों को स्थानीय स्तर पर अधिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और कृषि उपज के प्रबंधन को मजबूती मिले।
समयबद्ध क्रियान्वयन पर कलेक्टर का जोर, किसानों को मिलेगा योजनाओं का अधिक लाभ
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाकर किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने तथा कृषि अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा एवं जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद थे।
